गोपेश्वर (चमोली)। सोशल मीडिया पर जिला चिकित्सालय गोपेश्वर के एक मरीज का विडियो वायरल किया जा रहा है जिसमें मरीज को दयनीय हालत में दिखाते हुए मरीज की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि उसे देखने कोई भी चिकित्सक नहीं आ रहा है। इस विडियो के सोशल मीडिया पर वायरल किये जाने को चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संगठन चमोली ने जिला चिकित्सालय के साथ ही यहां तैनात चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की छवि को खराब करने की साजिश करार दिया है।
संगठन से अध्यक्ष मथुरा प्रसाद पुरोहित, जिला मंत्री सूरज प्रताप सिंह कठैत, राकेश नेगी व मदन कंडारी ने कहा कि जिस तरह से मरीज की स्थिति को वायरल विडियो में वार्ड के अंदर दिखाया गया है वह गलत है। उनका कहना है कि कोरोना काल में जहां जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी सहित समस्त स्टाफ मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. जीवन सिंह चुफाल के नेतृत्व में दिन रात अपने व अपने परिवार के स्वास्थ्य की परवाह किये बगैर कोरोना मरीजों की सेवा में जुटे है, ऐसे समय में इस वायरल विडियो के माध्यम से सीएमएस के साथ ही चिकित्सालय के सभी स्वास्थ्य कर्मियों की दिनरात की मेहनत को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने भी यह कार्य किया है वह निंदनीय है और उनका संगठन इसकी भत्र्सना करते हुए प्रशासन से मांग करती है कि वायरल विडियो का सच सभी के सामने लाया जाए तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
