शेयर करें !
posted on : August 20, 2021 5:10 pm

कहा सरकार जल्द खोले बदरीनाथ धाम की यात्रा

पूर्व काबीना मंत्री को बदरीनाथ धाम जाने से रोका

गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा खोले जाने की मांग को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस आमने सामने आ गई है। जहां कांग्रेस बदरीनाथ धाम यात्रा न खोले जाने पर भाजपा सरकार को दोषी बता रही है वहीं भाजपा जनता की ओर से अपने ओर आते हुए आरोपों के गेंद को कांग्रेस के पाले में फैंकने के प्रयास में जुटी हुई है। शुक्रवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी कार्यकर्ताओं स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बदरीनाथ धाम कूच कर रहे थे कि पुलिस ने उन्हें पांडुकेश्वर में ही रोक दिया वहीं स्थानीय लोगों ने चारधाम यात्रा शुरू न होने पर बदरीनाथ धाम में प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन कर स्थानीय विधायक महेंद्र भट्ट के विरोध में नारे बाजी की। इधर कांग्रेस ने भी पूर्व काबीना मंत्री को बदरीनाथ धाम जाने से रोके जाने पर गोपेश्वर में सरकार का पुतला दहन किया।

बतों दे कि स्थानीय लोगों के साथ ही बदरीनाथ धाम से जुड़े हकहकूकधारी बदरीनाथ समेत चारधाम यात्रा शुरू करने की मांग कर रहे है लेकिन कोरोना काल के चलते हाईकोर्ट के आदेश पर चारधाम यात्रा पर रोक लगी है। जिस कारण अभी तक यात्रा शुरू नहीं हो पायी है। कुछ दिनों पूर्व बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया था कि 19 अगस्त से बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरू की जाएगी लेकिन ऐसा न होने पर शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी स्थानीय लोगों के साथ मिल कर बदरीनाथ धाम कूच कर रहे थे कि उन्हें पुलिस ने पांडुकेश्वर में ही रोक दिया।

पूर्व काबीना मंत्री का कहना है कि वे बदरीनाथ के विधायक की ओर से जारी बयान के बाद ही बदरीनाथ धाम की यात्रा के लिए पहुंचे थे। उनका कहना है कि सरकार के विधायक जनता को बर्गलाने का काम कर रहे है। एक ओर अभी चारधाम यात्रा खुलने के आसार नजर नहीं आ रहे है वहीं सरकार के विधायक मनमर्जी से बदरीनाथ धाम की यात्रा खोलने की बात कर जनता को गुमराह कर रहे है। उनका आरोप है कि जब 19 अगस्त से बकौल बदरीनाथ के विधायक यात्रा शुरू की जा रही है तो फिर हमें पुलिस बल के माध्यम से क्यों रोका जा रहा है।

उधर बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट का कहना है कि 18 अगस्त को कोर्ट में चारधाम यात्रा खोले जाने की सुनवाई होनी थी जो 28 अगस्त तक के लिए टल  गई है। उनका कहना है कि उनकी सरकार स्थानीय लोगों, हक हकूकधारियों, व्यापारियों की परेशानी को समझती है। उन्होंने कहा कि जो उनके बारे में  बदरीनाथ धाम जाने की बात कही जा रही है सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि जो लोग कोर्ट जाकर बदरीनाथ धाम को रोकने की बात कर रहे है उनके बारें में भी अपना पक्ष स्पष्ट करे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि बदरीनाथ धाम की यात्रा खुले। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही बदरीनाथ धाम की यात्रा खुलेगी। इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है।

इधर गोपेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी को बदरीनाथ जाने से रोके जाने का विरोध कर सरकार का पुतला दहन किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि अविलंब चारधाम यात्रा को शुरू किया जाए ताकि धाम से जुड़े लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, ब्लाक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, अरविंद नेगी, सुरेश डिमरी, लक्ष्मणसिह बिष्ट, मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान, हरेंद्र सिंह राणा, रवीन्द्र नेगी, संदीप भंडारी, संदीप नेगी, विपिन फरस्वाण, योगेंद्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष महिला सेवादल अनीता नेगी, जयवीर सिंह नेगी, गोपाल सिंह रावत, ऊषा फस्र्वाण, उमा थपलियाल, मुकुल बिष्ट, आशा रावत, अनंत पाल आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!