गोपेश्वर (चमोली)। भाजपा जिला कार्यकरणी ने चमोली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरु कर दी है। जिसके लेकर पार्टी की ओर से रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बता कही। वहीं इस दौरान बूथ लेवल पर पार्टी की मजबूती के लिये पन्ना प्रमुखों की तैनाती को लेकर भी चर्चा की गई
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए पार्टी अध्यक्ष रघुवीर बिष्ट ने कहा कि आगामी छह अप्रैल को जिले के सभी बूथों पर पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान पार्टी के विधायक और पदाधिकारी बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर बूथ लेवल पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। पार्टी के जिला प्रभारी विजय कपरुवाण ने कहा कि भाजपा में सामुहिक निर्णय के आधार पर योजनाओं का क्रियांवयन करने की रीति है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को संगठन और निर्वाचित पदाधिकारियों से संवाद स्थापित कर योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य करना चाहिए। बैठक में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट व थराली विधायक मुन्नी शाह ने राज्य व केंद्र सरकार के जन कल्याणकारी कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी। इस मौके पर राज्यमंत्री रामकृष्ण सिंह रावत, प्रदेश मंत्री बलबीर घुनियाल, सत्येंद्र असवाल, दमयंती रतूड़ी, डा. हिमानी वैष्णव, रमेश बंडवाल आदि मौजूद थे।
