घाट (चमोली)। चमोली जिले के विकास खंड घाट में आयोजित भाजपा घाट मंडल के पन्ना प्रमुखों की तैयारी बैठक में बोलते हुए जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बूथ के कार्यकर्ता भाजपा की असली रीढ़ है। बूथ के कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम का ही सफल परिणाम है कि प्रदेश व देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और देश में आजादी के बाद पहली बार अंत्योदयी प्रयत्न विकास की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का भगीरथ प्रयास किये जा रहें हैं।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश में आज सर्वांगीण विकास हो रहा है। विश्व में भारत की मान प्रतिष्ठा बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर जाकर पार्टी की रीति नीति के साथ ही प्रदेश व केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताना होगा। ताकि लाभ लेने से वंचित लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। बूथ कार्यकारिणी से संवाद स्थापित कर कार्यकर्ताओं की जन भावनाओं को सरकार एवं संगठन तक पहुंचाना होगा। इस अवसर पर घाट मंडल प्रभारी पुरुषोत्तम सती ने कहा कि पार्टी में सामूहिक निर्णय के आधार पर पार्टी व सरकारों के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाता है। मंडल अध्यक्ष खिलाफ सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनकल्याणकारी नीतियों को जन जन तक पहुंचा रही है। भाजपा वरिष्ठ नेता कर्नल एचएस रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में हर वर्ग हर समुदाय को सम्मानित किया जाता है अब चुनाव का दौर नजदीक आने वाला है कुछ लोग समाज को दिग्भ्रमित करने का प्रयास करते हैं परंतु जनता सब समझती है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, प्रभारी पुरुषोत्तम सत, मंडल अध्यक्ष खिलाफ सिंह नेगी, प्रमुख भारती देवी, कर्नल एचएस रावत, राकेश रावत, संध्या देवराडी, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दीपक भट्ट आदि ने अपने विचार रखे।
