शेयर करें !
posted on : September 22, 2026 5:40 pm
  • ज्योतिर्मठ के डॉ. जसवंत लाल को वैश्विक शिक्षक रत्न
  • गोपेश्वर की डॉ. पवित्रा टम्टा को शिक्षक गौरव अवार्ड

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के दो शिक्षकों को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन एवं विचार-प्रस्तुतीकरण समारोह में राष्ट्रीय स्तर के सम्मान से नवाजा गया। राजकीय इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता प्रो. डॉ. जसवंत लाल को वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड, जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय टंगसा गोपेश्वर की प्रधानाध्यापिका डॉ. पवित्रा टम्टा (पम्मी नवल) को शिक्षक गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया।

विश्व शांति और वैश्विक समरसता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से नई दिल्ली में आयोजित समारोह में दोनों शिक्षकों को उनके शैक्षणिक कार्यों और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में दोनों को अभिनंदन-पत्र, मोमेंटो, शॉल और साफा प्रदान किए गए।

समारोह में डॉ. जसवंत लाल और डॉ. पवित्रा टम्टा के शैक्षणिक कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। मंच की चयन समिति ने दोनों के कार्यों और उपलब्धियों के अवलोकन के बाद उन्हें संबंधित सम्मान के लिए चुना।

समारोह में न्यायमूर्ति जेके रांका, न्यायमूर्ति डॉ. इशरत मसूर कुद्दुसी, राज्यसभा सांसद नागेंद्र राव उर्फ अनंत महाराज, पूर्व सांसद विजय पाल तोमर और वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. एपी सिंह समेत विभिन्न क्षेत्रों के अतिथि मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि दोनों शिक्षकों को काठमांडू, नेपाल में प्रस्तावित सार्क स्थापना दिवस समारोह के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भी आमंत्रित किया गया है।

चमोली के दोनों शिक्षकों को मिले सम्मान से उनके विद्यालयों, विद्यार्थियों, परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी है। शिक्षकों के सम्मान को जिले के शिक्षा जगत के लिए भी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!