देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
शेयर करें !
posted on : November 5, 2026 4:52 pm

गोपेश्वर (चमोली)। जिलेभर से आने वाले पेंशनर्स को ठहरने और अपनी समस्याओं पर चर्चा के लिए अब तक गोपेश्वर में कोई भवन उपलब्ध नहीं है। इस समस्या को देखते हुए गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गनाइजेशन ने जिला मुख्यालय में पेंशनर भवन बनाने की मांग उठाई है। संगठन ने 17 दिसंबर को गवर्नमेंट पेंशनर्स दिवस व्यापक स्तर पर मनाने और इसका प्रचार-प्रसार करने का भी आग्रह किया है।

गुरुवार को संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पेंशनर्स के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और मुख्य कोषाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि पेंशनर भवन बनने से जिलेभर के पेंशनर्स एक स्थान पर एकत्र होकर अपनी समस्याओं, सुझावों और सरकार से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकेंगे। दूरस्थ क्षेत्रों से गोपेश्वर आने वाले पेंशनर्स को रात्रि विश्राम की सुविधा भी मिल सकेगी। ज्ञापन में शासनादेश के तहत 17 दिसंबर को घोषित गवर्नमेंट पेंशनर्स दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने की मांग भी की गई। संगठन ने इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक बुजुर्ग कार्यक्रम में भाग ले सकें।

इस दौरान संगठन ने प्रदेश के पेंशनर्स को जीवित प्रमाणपत्र जमा करने की ऑनलाइन सुविधा की जानकारी भी दी। बताया कि पेंशनर्स अब डिजिटल माध्यम से जीवित प्रमाणपत्र का फार्म भर सकते हैं। इसके लिए संबंधित कोषागारों में जाकर प्रशिक्षण भी प्राप्त किया जा सकता है।

प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गिरीश आर्य, लेखा परीक्षक सुनील सिमल्टी, संरक्षक बलवंत सिंह राणा, आनंद सिंह पंवार, गिरधारी सिंह सजवाण, भक्तिलाल बंडवाल आदि पेंशनर्स शामिल रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!