जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के नगर पालिका जोशीमठ के सभासदों के शिष्टमंडल दल ने बुधवार को जल संस्थान के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान सभासदों ने नगर क्षेत्र में हो रही पेयजल किल्लत को दूर करने को लेकर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को पत्र भेजकर शीघ्र समस्या के स्थाई समाधान करने की मांग उठाई। कहा कि यदि शीघ्र संस्थान की ओर से मांग पर कार्रवाई नहीं की जाती तो वे नगरवासियों को साथ लेकर आंदोलन शुरु कर देंगे।
नगर पालिका सभासद प्रदीप भट्ट, बचनी देवी, आरती उनियाल, अमित सती और कल्पेश्वरी देवी का कहना है कि नगर में पेयजल आपूर्ति के लिये जल संस्थान की ओर से निर्मित पेयजल लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे लिकेज के चलते पेयजल नालियों और रास्तों पर बरबाद हो रहा है। जबकि नगर के मोहल्लों में उपभोक्ताओं को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई स्थानों पर नालियों से गुजरती पेयजल लाइनों से दूषित पानी की आपूर्ति भी हो रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
