गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाटी ने नमामि गंगे योजना के तहत नदियों की स्वच्छता पर जोर दिया। इसके लिए नगरों से निकलने वाले नालों को सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा। ट्रीटेड वाटर ही नदियों में छोड़ा जाएगा। जिला गंगा संरक्षण इकाई की बैठक की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निकायों को बारिश से पूर्व नलियों की सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिस सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का फिकल कॉलीफार्म ज्यादा है उन्हें एनजीटी के निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। अधिशासी अधिकारियों को जनपद के सभी नगरों में कूड़े से नालियों के जाम होने की संभावना वाले स्थानों को चयनित कर बरसात से पूर्व नालियों की सफाई करवाने को कहा गया।  उन्होंने नगर पालिका और पंचायत क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की जानकारी लेते हुए सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग निस्तारण करने पर जोर दिया।

सीडीओ ने जिला पर्यटन अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह  अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत 20 कक्ष से अधिक होटलों की जांच करें। निर्धारित मानकों के अनुरुप एसटीपी निर्माण न करने या सीवर संयोजन न लेने वाले होटल संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उद्योग विभाग के अधिकारियों को औद्योगिक अस्थान कालेश्वर में ईटीपी ऑपरेटर की तैनाती को कहा गया। जिले में चयनित गंगा ग्रामों के में बहने वाले नालों/नालियों का सर्वेक्षण कर उनमें जल और  ठोस अपशिष्ट की रोकथाम के लिए स्वजल परियोजना को सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को अपशिष्ट जल को सिंचाई के उपयोग में लाने की योजना बनाने की भी बात कही।

बैठक में नमामि गंगे के डीपीओ गोविंद बुटोला ने बताया कि जनपद में उत्तराखंड प्लास्टिक अन्य जीव अनाशित कूड़ा कचरा (उपयोग एवं निस्तारण) अधिनियम 2013 के तहत बीते अप्रैल से अब तक 235 चालान किए गए हैं। मई माह में 48 चालान किए गए। एंटी लिटरिंग एंड एंटी स्पिटिंग एक्ट के अप्रैल 2024 से वर्तमान तक 396 तथा चालू मई माह में 45 चालान किए गए हैं। इस दौरान बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे आदि मौजूद रहे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!