गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के छिनका, मठ और बौंला गांवों के ग्रामीणों को अब जल्द ही सुगम सड़क सुविधा का लाभ मिल सकेगा। पीएमजीएसवाई की योजना के अनुसार इस सड़क के द्वि़तीय चरण के कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं। जबकि डामरीकरण कार्य का अनुबंध कर लिया गया है। विभागीय अधिकारियों की माने तो आगामी अगस्त माह तक सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
बता दें कि दशोली ब्लॉक के छिनका, मठ और बौंला गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिये पीएमजीएसवाई की ओर के 11.8 किलोमीटर की सड़क का निर्माण किया गया है। लेकिन वर्तमान तक यहां डामरीकरण न होने के चलते सड़क पर ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर थे। ऐसे में अब विभाग की ओर से छह करोड़ की लागत से सड़क के डामरीकरण की योजना बनाई है। जिसके लिये शासन की ओर से विभाग को वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। ऐसे में अब सड़क के डामरीकरण होने पर ग्रामीणों को यहां सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलने की आस जग गई है।
चमोली-मठ-छिनका-बौंला सड़क के डामरीकरण का कार्य प्रस्तावित किया गया है। लेकिन मौसम की बेरुखी के चलते वर्तमान में डामरीकरण कार्य को रोका गया है। यदि मौसम साथ देता है तो आगामी अगस्त माह तक सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
शिवम रावत, प्रभारी अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई।
