घाट (चमोली)। चमोली जिले के घाट ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को क्षेत्र की महिलाओं ने दीवालीखाल लाठीचार्ज के विरोध में विश्व महिला दिवस के मौके पर काले झंडों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर दीवालीखाल में महिलाओं पर पानी की बौछार और लाठीचार्ज के बाद महिला दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन दिखावा है। उन्होंने सरकार पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने घाट-नंदप्रयाग सड़क के डेढ लेन चैड़ीकरण की मांग पर कार्रवाई होने तक आंदेलन जारी रखने की बात कही है।
दीवालीखाल में विधानसभा घेराव को जा रही घाट ब्लॉक की महिलाओं पर लाठीचार्ज के बाद अब पुलिस की ओर से दर्ज किये मुकदमों को लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी है। ऐसे में यहां विश्व महिला दिवस के मौके पर ब्लॉक के गांवों की महिलाओं ने घाट ब्लॉक मुख्यालय पर पारम्परिक परिधानों में हाथों में काले झंडे लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थानीय महिला कलावती मैंदोली और बसंती देवी ने कहा कि जहां भाजपा सरकार एक ओर जहां प्रदेश में बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने का दिखावा कर रही है। वहीं एक मार्च को दीवालीखाल में महिलाओं पर पानी की बौछार और लाठियां चलवाने के बाद महिलाओं पर मुकदमें दर्ज करवा महिलाओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रदर्शित कर चुकी है। जिसे देखते हुए घाट-नंदप्रयाग सड़क के डेढ लेन चैड़ीकरण और पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने मांग पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। इस मौके पर ज्योति बिष्ट, दीपा देवी, सरस्वती देवी, गुड्डी देवी, रमा भंडारी, सीता देवी, उर्मिला देवी आदि मौजूद थी। वहीं दूसरी ओर घाट ब्लॉक मुख्यालय पर सड़क के डेढ लेन चैड़ीकरण की मांग को लेकर व्यापार संघ और टैक्सी यूनियन का आंदोलन 94वें दिन भी जारी रहा। यहां व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह, मनोज कठैत, सुखवीर रौतेला सहित अन्य लोग मौजूद थे।
