पांडुकेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा को सुचारु करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी, एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बदरीनाथ कूच किया। इस दौरान पांडुकेश्वर में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस कार्यकर्ताओं को बदरीनाथ जाने से रोकने पर उन्होंने यहां गिरफ्तारी देकर विरोध जताया।
सोमवार को कांग्रेस कमेटी, एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के करीब 150 कार्यकर्ताओं चार धाम यात्रा खुलवाने की मांग पर बदरीनाथ धाम कूच किया। इस दौरान पांडुकेश्वर में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कोरोना गाइड लाइनों का हवाला देते हुए रोक लिया। जहां बदरीनाथ जा रहे कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी। जहां पुलिस ने कुछ देर कार्यकर्ताओं को हिरासत में रख बिना शर्त छोड़ दिया है। कांग्रेस के जिला मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान और पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी का कहना है कि भाजपा सरकार कोरोना की रोकथाम की अपनी तैयारियों की न्यायालय के समक्ष स्पष्ट जानकारी नहीं रख पा रही है। जिसके चलते यात्रा का संचालन शुरु नहीं हो पा रहा है। सरकार की इस गलती का खामियाजा ऋषिकेश से लेकर बदरीनाथ धाम तक के व्यापारियों, स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से शीघ्र चार धाम यात्रा शुरु करने की मांग उठाई है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस बदरीनाथ विधान सभा अध्यक्ष योंगेंद्र बिष्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष संदीप नेगी, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनूप नेगी, संतोष पंवार, कमल रतूड़ी, सूर्या प्रकाश पुरोहित, हरीश भंडारी, विपिन फरस्वाण, सुमित असवाल, सूरज बगासी और गौरव चैधरी आदि मौजदू थे।
