घाट (चमोली)। चमोली जिले के घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर चर रहे क्रमिक अनशन के 21वें दिन शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी अनिल चनियाल आंदोलनकारियों से वार्ता करने पहुंचे। लेकिन आंदोलनकारियों से उनकी वार्ता सफल न हो पायी। आंदोलनकारी सड़क चौड़ीकरण के कार्य को आरंभ करने की बात पर अड़े रहे और कहा कि जब तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं किया जाता उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बता दें कि घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर घाट क्षेत्र के व्यापारी, वाहन चालक संघ व स्थानीय लोगों की ओर से पिछले पांच दिसम्बर से घाट में क्रमिक अनशन किया जा रहा है। आंदोलन के 21वें दिन शुक्रवार को प्रशासन की ओर से एडीएम आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया। लेकिन आंदोलकारी इस बात पर अड़े रहे कि जब तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं किया जाता है तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। आंदोलनकारी सुरेंद्र सिंह भंडारी, सुखवीर रौतेला का कहना है कि प्रशासन उनके आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है लेकिन आंदोलनकारी इतनी जल्दी हार मानने वाले नहीं है और सड़क चौड़ीकरण के कार्य को आरंभ करने से पहले अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
