गोपेश्वर (चमोली)। महाविद्यालय गोपेश्वर के छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों ने सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज कर छात्रसंघ की पूरी कमान अपने हाथ में ले ली। अध्यक्ष से लेकर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव और कोषाध्यक्ष पद तक एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
अध्यक्ष पद पर किशन सिंह ने 1114 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी कपिल नेगी को 459 मत मिले। किशन सिंह ने 655 मतों की बढ़त के साथ अध्यक्ष पद अपने नाम किया। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर ललित सिंह ने 1175 मत हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रशान्त पाटिल को 355 मत मिले। ललित सिंह ने 820 मतों की बढ़त हासिल की।
उपाध्यक्ष पद पर आदित्य नेगी 978 मत पाकर निर्वाचित हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी सौरव सिंह पंवार को 512 मत मिले। सचिव पद पर सोहन लाल ने 936 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि पवन कुमार को 615 मत मिले।
सह-सचिव पद पर तनिषा 814 मत पाकर निर्वाचित हुईं। उन्होंने दिव्या को पीछे छोड़ा, जिन्हें 663 मत मिले। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर अपेक्षा ने 835 मत हासिल कर जीत दर्ज की। इस पद पर प्रियंका को 396 और आँचल मुनियाल को 283 मत मिले। छात्रसंघ चुनाव में कुल 1590 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 69.58 रहा। विभिन्न पदों पर नोटा और अवैध मत भी दर्ज किए गए। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए।

चुनाव परिणाम में अध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव और कोषाध्यक्षकृसभी प्रमुख पदों पर एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई। इस तरह महाविद्यालय छात्रसंघ का पूरा प्रमुख पैनल एक ही खेमे के प्रत्याशियों के नाम रहा।
पोखरी महाविद्यालय छात्रसंघ में राहुल सिंह अध्यक्ष निर्वाचित
महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में छात्रसंघ चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। मतदान के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर राहुल सिंह ने 176 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर दिव्या को 186, सचिव पद पर सूरज को 170, सहसचिव पद पर रोनिका को 182 और कोषाध्यक्ष पद पर प्रियांशी को 182 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर प्रियांशु नेगी 181 मत हासिल कर निर्वाचित हुए।
चुनाव में कुल 319 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। महाविद्यालय की संरक्षिका एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रीटा शर्मा ने निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ के सभी पदाधिकारी जनमत का सम्मान करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ महाविद्यालय के विकास में सहयोग करें। चुनाव प्रभारी डॉ. योगेश प्रसाद ने बताया कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी कराई गई। परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य ने निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
