शेयर करें !
posted on : July 5, 2021 5:35 pm

गोपेश्वर (चमोली)। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक सुविधाएं जुटा ली गई हैं। विभाग की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों के बेड तैयार किये गये हैं। वहीं चिकित्सालयों में बच्चों के भर्ती होने पर अभिभावकों के आवास की भी व्यवस्था की जा रही है। यहां विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय के साथ ही विभिन्न केंद्रों पर बच्चों के संक्रमित होने पर उपचार के लिये 50 बैड तैयार किये गये हैं। हालांकि बाल रोग विशेषज्ञ की कमी स्वास्थ्य विभाग के सम्मुख चुनौती के रुप में खड़ी है।

सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केके अग्रवाल ने पत्रकारों को स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय में 24, सिमली व गैरसैंण में पांच, कर्णप्रयाग छह, जोशीमठ, थराली में दो-दो, घाट और पोखरी में तीन-तीन बैड बच्चों के लिये तैयार किये गये हैं। वहीं सभी स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सालयों के समीप बच्चों के संक्रमित होने पर उपचार के लिये लाये जाने पर अभिभावकों के आवास की भी व्यवस्था की जा रही है। बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिये 93.99 फीसदी हैल्थ केयर वर्करों, 68.8 फीसदी फ्रंट लाइन वर्करों, 36.5 फीसदी 45 प्लस और 40.6 फीसदी 18 प्लस के नागरिकों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। जबकि शेष नागरिकों के लिये वैक्सिनेशन अभियान संचालित किया जा रहा है। बताया की जिले शून्य से 18 वर्ष के बच्चों की संख्या कुल जनसंख्या का 12.6 फीसदी है। जिसके लिये स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के साथ ही माता-पिता को भी जागरुक रहने की आवश्यकता है।

 

इन खाद्य पदार्थों से बढेगी बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता

वैज्ञानिकों और चिकित्सकों की ओर से कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों के अधिक संक्रमित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। ऐसे में अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। जिसे देखते चमोली के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केके अग्रवाल ने बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिये गाजर, अंडा, दूध, मछली, ब्रोकली, अखरोट, बदाम, अलसी के बीज, खट्टे फल, पालक और मशरुम जैसे खाद्य पदार्थों के सेवन को लाभप्रद बताया है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!