गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के निकटवर्ती ग्राम पंचायत देवलधार की महिलाओं ने सार्वजनिक आयोजनों में शराबबंदी के बाद कच्ची शराब को लेकर मोर्चा खोल दिया है। यहां गांव की महिलाओं के गांव के आसपास के क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने वालों से पांच लीटर कच्ची शराब और दो सौ लीटर लाहन बरामद कर पुलिस को सौंप दिया है। वहीं महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
बता दें कि बीते माह देवलधार ग्राम पंचायत की महिला मंगल दल की ओर से बैठक आयोजित कर गांव के सर्वाजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण पाबंदी को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया था। जिसके बाद महिलाओं की ओर से क्षेत्र में अवैध रुप से तैयार की जा रही कच्ची शराब के निर्माण को रोकने के लिये अभियान शुरु कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार रात्रि के महिलाओं ने सैंटुणा गांव में छापेमारी अभियान चलाकर पांच लीटर कच्ची शराब और दो सौ लीटर लाहन बरामद किया। जिसके बाद गुरूवार को महिलाओं ने सैंटुणा गांव से बरामद शराब और लाहन पुलिस को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष चित्रगुप्त ने बताया कि महिलाओं की ओर पुलिस के सुपूर्द किये गये माल का निस्तारण कर दिया गया है। जबकि सैंटुणा गांव निवासी तारा देवी सहित नौ लोगों के विरुद्ध ममला दर्ज कर लिया गया है।
