शेयर करें !
posted on : September 5, 2026 4:20 pm

गोपेश्वर (चमोली)।  पुलिस लाइन गोपेश्वर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। भारी बारिश के बावजूद समारोह में बड़ी संख्या में पुलिस परिवार और स्थानीय लोग शामिल हुए। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही पुलिस मैदान ‘जय श्री कृष्ण’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयघोष से गूंज उठा।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में आयोजित समारोह का शुभारंभ स्वागत गीत और दीप प्रज्वलन से हुआ। स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने गढ़वाली-कुमाऊंनी लोकनृत्य, भजन, नाटक, हास्य और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगायक विवेक नौटियाल, अमित खरे और प्रतीक्षा बमराड़ा की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

समारोह में नन्हे बच्चों की बेस्ट कान्हा प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पल्वित मेहरा ने प्रथम, तन्मय सैनी ने द्वितीय और सिद्धार्थ भंडारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन सहित जिले के थाना, चैकियों और फायर स्टेशनों की ओर से आकर्षक झांकियां भी तैयार की गईं। झांकी प्रतियोगिता में पुलिस लाइन गोपेश्वर प्रथम, कोतवाली गोपेश्वर द्वितीय और थाना गोविंदघाट तृतीय स्थान पर रहा। रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर श्रद्धालुओं और पुलिस परिवार ने पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया। भारी बारिश के बावजूद देर रात तक कार्यक्रम में लोगों की मौजूदगी बनी रही।

इस दौरान विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, दायित्वधारी हरक सिंह नेगी, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!