गोपेश्वर (चमोली)। पोखरी ब्लॉक प्रमुख का भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट तथा कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला के लिए नाक का सवाल बन गया है। इसके चलते अब कौन बाजी मार लाता है। इस पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।
दरअसल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा बदरीनाथ के कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का होम ब्लॉक पोखरी है। भाजपा ने पोखरी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मीना रावत को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने राजी देवी पर दांव चला है। प्रमुख का यह पद प्रत्याशियों के लिए कम अपितु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट तथा विधायक बुटोला के लिए नाक का सवाल बन गया है। प्रमुख पद के लिए दोनों नेता अपने-अपने दल के प्रत्याशियों की जीत के लिए डू-एंड-डाई के फार्मूले पर काम कर रहे है। वैसे मौजूदा चुनाव में दोनों नेता एक दूसरे के मददगार की भूमिका में पर्दे के पीछे खेल खेलते रहे। इसके चलते ही जिला पंचायत के थालाबैड होम वार्ड पर दोनों नेताओं ने प्रत्याशियों को लेकर आपसी सहमति का आधार बनाया। इस सीट पर भाजपा ने तो उम्मीदवार घोषित किया किंतु कांग्रेस ने सीट को फ्री छोड़ दिया। तब यह आरोप भी लगता था कि विधायक ने मित्र विपक्ष की भूमिका का निर्वहन किया। यह अलग बात है कि भाजपा प्रत्याशी तब भी जीत नहीं पाया।
अब ब्लॉक प्रमुख पद की बारी आई तो दोनों दिग्गजों को प्रत्याशी मैदान में उतारने पड़े। इसके चलते दोनों की ओर से प्रत्याशियों ने नामांकन किए। चूंकि दो ही प्रत्याशी मैदान में है तो दोनों दिग्गजों के लिए ब्लॉक प्रमुख का पद अपने-अपने दलों की झोली में डालना नाक का सवाल बन गया है। अब सियासी गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि किस दल का प्रत्याशी जीत दर्ज करता है। इस पर ही दोनों दिग्गजों की प्रतिष्ठा का निर्धारण भी होगा।
