गोपेश्वर (चमोली)। गोवा के पणजी में सलूड़ डुंग्रा की विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण का शानदार मंचन हुआ। पणजी के कला अकादमी सभागार में सरेन्डिपिटी कार्यक्रम के तहत कलाकारों ने रम्माण का शानदार प्रदर्शन किया। सरेन्डिपिटी आर्ट फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में पैनखंडा ब्लॉक के सलूड़ डुंग्रा गांव के 30 सदस्यीय कलाकारों ने रम्माण की शानदार प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को अभिभूत किया। रम्माण के संयोजक डा. कुशल सिंह भंडारी के नेतृत्व में पणजी गए कलाकारों ने उत्तराखंड की विश्व धरोहर रम्माण के शानदार प्रदर्शन से पहाड़ी संस्कृति को देशवासियों के सम्मुख प्रस्तुत किया। डा. भंडारी ने बताया कि पणजी स्थित कला अकादमी के प्रांगण में सैकड़ों कलाप्रेमी दर्शकों, शोधकर्ताओं तथा छायाकारों की मौजूदगी में विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण के मंचन के दौरान दर्शकों ने कलाकारों की हौसला अफजाई की। प्रसिद्ध नृत्यागंना पदमश्री गीता चंद्रन ने कार्यक्रम की शुरूआत की। इस दौरान आयोजकों ने कलाकारों को सम्मानित किया। उनका कहना था कि विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण का प्रदर्शन पहाड़ी कला संस्कृति को यादगार बनाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन से सांस्कृतिक धरोहर को आम जनमानस तक पहुंचाया जा सकता है। कलाकारों के दल में अध्यक्ष शरत सिंह बंगारी, भगत सिंह, दिनेश सिंह, देवेन्द्र सिंह, भरत सिंह, दिलवर सिंह, प्रदीप बिष्ट आदि शामिल रहे।
posted on : December 15, 2025 6:22 pm
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
